एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव में कविता पाठ करेंगे परलीका के रामस्वरूप किसान
| भावना ठाकर |
| सह-संपादक देवसाक्षी पब्लिकेशन |
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, साहित्य अकादेमी और बिहार सरकार का आयोजन
|
नोहर। परलीका निवासी वरिष्ठ साहित्यकार रामस्वरूप किसान एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव ‘उन्मेष’ में काव्य पाठ करेंगे। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय, साहित्य अकादेमी और बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में यह अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव 25 से 28 सितंबर तक पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के ज्ञान भवन में आयोजित होगा। साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष माधव कौशिक के अनुसार इस उत्सव में देश-विदेश की विभिन्न भाषाओं के करीब 550 साहित्यकार शिरकत करेंगे।
इस उत्सव में किसान 27 सितंबर को नेपाली के वरिष्ठ लेखक शंकर देव ढकाल की अध्यक्षता में होने वाले ‘आंतरिक यात्रा : कवि सम्मिलन’ नामक सत्र में हिन्दी के दिनेश कुशवाहा, मराठी की सविता करंजकर, ओड़िआ की प्रीतिधारा सामल व तमिळ के ए. सत्या शारदामणि के साथ राजस्थानी कविता पाठ करेंगे।
उल्लेखनीय है कि किसान साहित्य अकादेमी नई दिल्ली, राजस्थान साहित्य अकादमी उदयपुर व राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी बीकानेर सहित अनेक संस्थानों से पुरस्कृत हैं। इनके अब तक तीन कहानी संग्रह व छह कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं। इनकी कई पुस्तकें अन्य भाषाओं में भी अनूदित हुई हैं तथा ये कहानी केंद्रित राजस्थानी तिमाही पत्रिका ‘कथेसर’ के संपादक हैं।
किसान की रचनाएं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान व राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय उदयपुर के अलावा अंग्रेजी में अनूदित होकर क्राइस्ट यूनिवर्सिटी बैंगलोर (कर्नाटका) व महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी कोट्टायम (केरला) के पाठ्यक्रम में शामिल हैं। इनकी कई कहानियों पर लघु फिल्में भी निर्मित हुई हैं। किसान को यह अवसर मिलने पर स्थानीय साहित्यकारों व साहित्य-प्रेमियों ने खुशी जाहिर की है।
| Contact Us |
|

वरिष्ठ लेखक एवं कवि रामस्वरूप जी किसान को हार्दिक बधाई।
बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएं
हार्दिक शुभकामनाएं
सर को हार्दिक शुभकामनाएँ
Congratulations…